रामगढ़ : इंजीनियरिंग कॉलेज में रैगिंग और मारपीट, घायल छात्र ने दर्ज कराई शिकायत

Spread the love

रजरप्पा  (रामगढ ), झारखंड : रामगढ़ इंजीनियरिंग कॉलेज (छोटकीलारी) में शुक्रवार देर रात सीनियर छात्रों द्वारा रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र ऋशु कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया है कि द्वितीय वर्ष के छह छात्रों ने उसके साथ रैगिंग की और जमकर पिटाई की। घायल छात्र का प्राथमिक उपचार सदर अस्पताल, रामगढ़ में किया गया।

स्थानीय लोगों और छात्रों के अनुसार, कॉलेज की स्थापना के बाद से इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आती रही हैं, जिससे कैंपस में भय का माहौल बना रहता है।

घटना की जाँच की जा रही है,  होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी

रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान के बाद कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन को निर्देश दिया है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

कॉलेज प्रबंधन ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया

कॉलेज वार्डन पल्लव दास ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी छात्रों की पहचान वीडियो फुटेज से की जा रही है और कॉलेज प्रबंधन इस मामले में कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा।