प्लांट प्रबंधक समेत वाहन मालिक व चालक पर मामला दर्ज, वाहन फैक्ट्री में गिराने आया था चोरी का लोहा
जब्त पिकअप वाहन
कुजू, झारखंड : कुजू के श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट से चोरी रेलवे लाईन लदा पिकअप वैन शनिवार को देर शाम में हजारीबाग रेलवे पुलिस ने जब्त किया है। रेलवे का चोरी का लोहा फैक्ट्री में गिराने पिकअप वहां पहुंचा था। मौके पर वाहन चालक बोकारो निवासी बिहारी महतो को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में रेलवे पुलिस ने श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट कुजू के प्रबंधक, वाहन मालिक व चालक पर मामला दर्ज किया गया है।
बताया गया कि हजारीबाग रेलवे पुलिस इंस्पेक्टर यूएस ओझा को गुप्त सूचना मिली थी कि पतरातू से रेलवे के चुराए गए रेल लाइन लदी पिकअप वैन संख्या जेएच09एके-3222 मुरपा स्थित श्री राम पावर एंड स्टील प्लांट में लोहा गिराने जा रही है। उन्होंने अन्य पुलिस अधिकारी एसबी सिंह, चंद्रभूषण पांडेय, दीपक कुमार, राजकुमार साव के साथ श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट नयामोड़ – हीरक रोड परिसर में प्रवेश करते ही रेल लाइन लदी उक्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया। साथ ही चालक को गिरफ्तार करते हुए हजारीबाग लेकर चले गए। जब्त किए गए पिकअप वैन पर 33 की संख्या में करीब दो सौ फीट रेल लाईन होने की बात रेल पुलिस के अधिकारियों ने बताया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यहां पूर्व में भी रेलवे से चुराए गए लोहे के सामान खरीद फरोख्त किए जाने की जानकारी मिल रही थी। इस पिकअप वैन के पकड़े जाने से यह बात साबित हो गयी कि इस फैक्ट्री में चोरी के लोहे का खरीद फरोख्त होता है।