पलामू (झारखंड) : जिले के नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड (लेस्लीगंज) के लोटवा गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पिंकी देवी नाम की महिला ने अपने एक माह के नवजात शिशु को 50 हजार रुपये में बेच दिया। महिला का कहना है कि वह स्तन में गिलटी की बीमारी से पीड़ित है और इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत थी।
पिंकी देवी ने बताया कि गरीबी और मजबूरी के कारण उसने यह कदम उठाया। उसका पति रामचंद्र राम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। दंपत्ति के कुल पांच बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ा बच्चा 10 साल का है जबकि सबसे छोटा बच्चा नौ अगस्त 2025 को जन्मा था।
सूचना पर चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की टीम गांव पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। टीम ने परिजनों से पूछताछ भी की। बताया जा रहा है कि बच्चे को पड़ोसी गांव चटकपुर निवासी प्रदीप पासवान के रिश्तेदार के यहां बेचा गया है।
पति रामचंद्र राम ने बताया कि जब वह काम से लौटकर घर आए तो बच्चों ने घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने पत्नी को डांट-फटकार भी लगाई। फिलहाल सीडब्ल्यूसी की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।