रामगढ़, झारखंड : के विकास नगर स्थित श्री कृष्ण विद्या मंदिर में सीबीएसई द्वारा दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन 6 एवं 7 सितंबर 2025 को किया गया। उक्त कार्यशाला का विषय था “क्रिटिकल एवं क्रिएटिव थिंकिंग”। 6 सितंबर को इस कार्यशाला का उद्घाटन सीबीएसई के रिसोर्स पर्सन मनीषा शर्मा (प्राचार्या सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची) एवं गीतांजलि जाजू (प्राचार्या स्कॉलर्स हाई, रामगढ़) तथा विद्यालय प्राचार्य एम कृष्णा चंद्रा के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया गया।
विद्यालय के छात्राओं के एक समूह द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। विद्यालय प्राचार्य ने पुष्पगुच्छ देकर दोनों रिसोर्स पर्सन का स्वागत किया तथा अपने स्वागत भाषण में विभिन्न विद्यालय से आए कुल 60 शिक्षक- शिक्षिकाओं को होने वाले प्रशिक्षण का महत्व बताया। रिसोर्स पर्सन के द्वारा प्रभावी प्रशिक्षण विधियों के साथ शिक्षण में बेहतर प्रदर्शन एवं मूल्यांकन करने के बारे में बताया गया।
इस शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री कृष्ण विद्या मंदिर के साथ-साथ सरना एकेडमी पिपरवार, माउंट फोर्ट स्कूल कांके रोड रांची, डी ए वी पब्लिक स्कूल तेनुघाट तथा उर्सुलाइन कान्वेंट स्कूल खलारी के शिक्षक – शिक्षिकाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। उपस्थित सभी शिक्षकों को नवीनतम शिक्षण विधियां की जानकारी दी गई तथा शिक्षण को क्लासरूम में सरल एवं मनोरंजक बनाने पर जोर दिया गया।
सीबीएसई द्वारा मनोनीत दोनों रिसोर्स पर्सन ने बताया कि शिक्षा एक सजीव एवं गतिशील प्रक्रिया है। शिक्षक – शिक्षिकाओं द्वारा सीखने की प्रक्रिया को प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने के लिए विभिन्न शिक्षण विधियां एवं तकनीक का अध्ययन भी आवश्यक है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप ऐसे प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों के पेशेवर विकास को बढ़ावा देने एवं निरंतर सीखने की संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। आज दिनांक 7 सितंबर को उक्त प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन किया गया।
विद्यालय प्राचार्य सह वेन्यू डायरेक्टर एम कृष्णा चंद्रा ने दोनों रिसोर्स पर्सन सहित सभी उपस्थित शिक्षक – शिक्षिकाओं को धन्यवाद दिया। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने विद्यालय परिसर में सीबीएसई द्वारा आयोजित ऐसे प्रशिक्षण पर हर्ष व्यक्त किया।