कुजू ( रामगढ़ ), झारखंड :कुजू के लोहा गेट स्थित शनि मंदिर के पास सोमवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच नकाबपोश अपराधियों ने वृद्ध दंपत्ति को बंधक बनाकर लूटपाट की। धारदार हथियार से लैस अपराधियों ने नंदकिशोर सिंह और उनकी पत्नी राजवंशी देवी को पलंग से बांध दिया और घर से करीब ढाई लाख के जेवर, 17 हजार नकद और एक स्कूटी लूट ली।
फिरौती की मांग और अपहरण
अपराधियों ने वृद्ध दंपत्ति का अपहरण कर उन्हें कुजू कोलियरी के ओबी डंप में पत्थरों से बांधकर रखा और उनके बेटे, कोयला कारोबारी मनोज सिंह से 10 लाख रुपये फिरौती की मांग की। फोन उन्हीं के मोबाइल से कराया गया और फिरौती की रकम हजारीबाग के कनहरी हिल पर मंगाई गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। इसमें कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, एसआई अभिनव कुमार, अख्तर अली, मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार, घाटो थाना प्रभारी दीपक कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस ने योजना के तहत कारोबारी मनोज सिंह को पैसों से भरा बैग लेकर कनहरी हिल भेजा। जैसे ही रकम सौंपने की प्रक्रिया शुरू हुई, पुलिस ने घेराबंदी कर सात युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया तथा उन्हें कुजू ओपी ले आई । लूटी गई स्कूटी भी बरामद कर ली गई। हालाँकि गिरफ्तार युवक खुद को गौ-रक्षक बता रहे हैं तथा खुद को अपहरण व अपराध में लिप्त नहीं बता रहे हैं ।
वृद्ध दंपत्ति सकुशल लौटे
इस बीच, ओबी डंप के पास दंपत्ति की निगरानी कर रहे अपराधी किसी सूचना के बाद वहां से फरार हो गए। सुबह करीब चार बजे वृद्ध नंदकिशोर सिंह और उनकी पत्नी सुरक्षित अपने घर लौट आए।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधी बार-बार अपना लोकेशन बदल रहे थे। पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि घटना का संबंध व्यापारिक लेनदेन से जुड़ा हो सकता है।