हजारीबाग (झारखंड) :हजारीबाग जिले के गीरहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत पनतीतरी जंगल ( बोकारो एवं गिरिडीह का सीमावर्ती क्षेत्र ) में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली। सुबह करीब 6 बजे सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन हार्डकोर नक्सली मार गिराए गए। मारे गए नक्सलियों पर कुल 1 करोड़ 35 लाख रुपये का इनाम घोषित था। हजारीबाग एसपी ने तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है
मारे गए नक्सलियों में
सहदेव सोरेन (इनामी 1 करोड़ रुपये),
रघुनाथ हेंब्रेम (इनामी 25 लाख रुपये) और
बिरसेन गंझू (इनामी 10 लाख रुपये) शामिल हैं।
यह कार्रवाई कोबरा बटालियन, गिरिडीह पुलिस और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम ने की। सुरक्षाबलों ने मौके से तीन एके-47 राइफल और भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की है।
बताया जा रहा है कि यह जंगल इलाका बोकारो और गिरिडीह जिले की सीमा से भी सटा हुआ है, जहां नक्सली लंबे समय से सक्रिय थे। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
उल्लेखनीय है कि झारखंड पुलिस लगातार नक्सलियों और उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। गत 14 सितंबर को पलामू जिले के मनातू और तरहसी थाना के सीमावर्ती क्षेत्र काश और बंशी खुर्द जंगल के बीच प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में टीएसपीसी के पांच लाख के ईनामी कमांडर मुखदेव यादव मारा गया था। घटनास्थल से पुलिस ने एक 5.56 इंसास रायफल,एक पिस्टल, तीन इंसास का मैगजीन और 1460जिन्दा गोली,तीन खोखा और एक वॉकी टॉकी सहित अन्य सामान बरामद किया गया था। मुखदेव यादव के खिलाफ 27 मामले दर्ज थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन कुख्यात नक्सलियों के ढेर होने से नक्सलियों की कमर टूटेगी और इस इलाके में नक्सली गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा।