रामगढ़, झारखंड : कार चोरी च दो पहिया वाहन चोरी के मामले में उदभेदन की दिशा में रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रामगढ़ पुलिस ने चोरी गयी 11 मोटरसाइकिल व एक कार को बरामद किया है। इस संबंध में रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने गोला थाना में प़कार सम्मेलन का आयोजन कर सारी जानकारी दी है।रामगढ जिले में विगत दिनों से लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 21 सितंबर 2025 की सुबह गोला थाना क्षेत्र के तिरला मोड़, DVC चौक और आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान ब्लू रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने खदेड़कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद एहसान अंसारी (ग्राम चंदवे, थाना पिठोरिया, जिला रांची), मुकेश महतो (ग्राम हुहुआकोठार, थाना रामगढ़, जिला रामगढ़) और प्रेम कुमार करमाली (ग्राम डुंडीगाछी, थाना गोला, जिला रामगढ़) के रूप में हुई। इनके पास से बरामद बाइक के कागजात नहीं मिले। पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि यह मोटरसाइकिल 26 अगस्त 2025 को गोला थाना क्षेत्र के ग्राम सुतरी से चोरी की गई थी।
अभियुक्तों की निशानदेही पर गोला प्रखंड के डुंडीगाछी जंगल से 11 मोटरसाइकिल और एक FRONX कार (JH01FE-4168) बरामद की गई। बरामदगी में अपाची 160 ब्लू रंग, पल्सर 125 काला रंग, ग्लेमर काला-लाल, रॉयल एनफील्ड ग्रे, होंडा एसपी साइन काला, एचएफ डिलक्स हरा, पेंशन प्रो काला, होंडा सीबी काला, यामाहा ब्लू, होंडा साइन ब्लू, होंडा एसपी ड्रम, और दो एंड्रॉयड मोबाइल शामिल हैं।
गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के खिलाफ गोला थाना कांड संख्या-100/2025, दिनांक 21/09/2025, धारा 317(4)/317(5)/111(2)(b)/111(4)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है और इन्हें न्यायालय में अग्रसारित किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के अलावा कई अन्य आरोपी भी इस गिरोह में शामिल हैं, जिनमें आदित्य करमाली (जिला बोकारो, वर्तमान में रांची जेल में बंद), सफल मुंडा (जिला रामगढ़, वर्तमान में रामगढ़ जेल में बंद), अर्जुन कुमार वेदिया (जिला रामगढ़, वर्तमान में रामगढ़ जेल में बंद) और कैलाश कुमार (रांची) के नाम शामिल हैं।
अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच में सामने आया है कि मोहम्मद एहसान अंसारी, मुकेश महतो और प्रेम कुमार करमाली पर पहले से ही रामगढ़, गोला, रजरप्पा, पतरातू, बरलंगा, कुजू और अन्य थानों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, ठगी और अन्य अपराध शामिल हैं।
इस छापामारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू परमेश्वर प्रसाद, पुलिस निरीक्षक गोला अंचल पंकज कुमार, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, बरलंगा थाना प्रभारी अशोक कुमार, समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।