रामगढ़, झारखंड : कांग्रेस पार्टी के नगर अध्यक्ष बलराम साहु के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को अधिशासी अधिकारी, छावनी परिषद रामगढ़ कैन्ट को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल में मंडल अध्यक्ष संजीव खंडेलवाल, अनमोल सिंह, आनंद उदय पांडे और विक्की वर्मा शामिल थे।
ज्ञापन में छावनी क्षेत्र की कई ज्वलंत समस्याओं को उठाया गया। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि बरसात के समय कोईरी टोला वार्ड नं. 4 अंतर्गत पारसोतिया बड़ा नाला टूट जाने से आवागमन बाधित हो रहा है, जिसकी मरम्मती आवश्यक है। वहीं, गोला रोड चट्टी बाजार स्थित साहु धर्मशाला के सामने रास्ते में लोहे का स्लैब टूट जाने से लोगों को परेशानी हो रही है।
इसके अलावा वार्ड नं. 8 स्थित प्राचीन किला मंदिर परिसर में तोरण द्वार और अधूरी चाहरदीवारी निर्माण की मांग की गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि असामाजिक तत्व रात में यहां नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं, जिस पर रोक जरूरी है। साथ ही, किला मंदिर प्रांगण में सार्वजनिक शौचालय और स्ट्रीट लाइट लगाने की भी मांग की गई ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुविधा हो।
ज्ञापन में लोहार टोला चौक एवं शिवाजी रोड, पंजाबी मोहल्ला समेत कई क्षेत्रों में वर्षों से खराब स्ट्रीट लाइट को ठीक करने और नए पोल पर लाइट लगाने की मांग की गई। इसके अलावा कोईरी टोला वार्ड नं. 4 में भोला महतो के घर से भरत होटल तक पीसीसी रिपेयरिंग, पेवर ब्लॉक और नाली निर्माण, वार्ड नं. 6 में एनएच-23 से रामप्रसाद चन्द्रभान स्कूल होते हुए एस.एस. प्रसाद के घर तक पीसीसी एवं नाली निर्माण, वहीं मकसुदन महतो से राजा बाबू के घर तक पीसीसी पथ एवं नाली निर्माण कराने की मांग की गई।
वार्ड नं. 5 मंतागढ़ा में पेयजल हेतु पाइपलाइन विस्तार, लोहार टोला होलिका दहन स्थल पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और कचरा फैलाने वालों पर कार्रवाई की भी मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि छावनी क्षेत्र के कई वार्डों में स्ट्रीट लाइट की सख्त जरूरत है। इनमें मेन रोड दुर्गा मंदिर, गोला रोड अग्रवाल धर्मशाला, वार्ड नं. 4 के रामनगर और वार्ड नं. 5 गोरियारीबागी पुल के पास विशेष रूप से लाइट लगाने की आवश्यकता है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अधिकारी से इन सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की।