रामगढ़ : नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने छठ घाटों का किया निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : नगर परिषद, रामगढ़ के कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन ने शुक्रवार को आगामी छठ पूजा को लेकर वार्ड नंबर चार व पांच के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूजा स्थलों पर चल रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लिया।

स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष जोर

कार्यपालक पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान घाटों की स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सफाई कर्मियों को प्रतिदिन घाटों की सफाई करने और कचरा निष्पादन की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का आदेश दिया। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग और मार्गों की मरम्मत के कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

अधिकारियों की तैनाती के निर्देश

छठ पर्व के दौरान भीड़ को देखते हुए पदाधिकारी ने घाटों पर पर्याप्त अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए, ताकि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था न हो।

नगर परिषद की तैयारी पूर्णता की ओर

नगर परिषद, रामगढ़ ने बताया कि छठ पूजा के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए सभी विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी

निरीक्षण के मौके पर नगर प्रबंधक राजीव रंजन, सहायक अभियंता वसीम अकरम, सेनेटरी सुपरवाइजर रोशन कुमार, सलमान अंसारी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।