रामगढ़ (झारखंड) : सदर अस्पताल, रामगढ़ में शुक्रवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलित कर किया गया।
सिविल सर्जन ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि लोग मानसिक रोग, तनाव और नशा जैसी समस्याओं से समय पर निपट सकें। उन्होंने आमजन को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक, परिचर्चा और परामर्श सत्र आयोजित करने पर जोर दिया।
इस वर्ष विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का विषय (थीम) “आपातकाल में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता” रखा गया है, जिसके अंतर्गत लोगों को आपदा या संकट की स्थिति में मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में डॉ. तुलिका रानी, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी (असंक्रामक रोग कार्यक्रम), ने मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित व्यायाम, ध्यान, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पर्याप्त नींद, और धूम्रपान व नशा त्यागने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य का संबंध सीधे हमारे जीवनशैली और सोच से जुड़ा होता है।
मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह के तहत सहियाओं द्वारा रैली निकाली गई, जिसमें आम लोगों को मानसिक रोगों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही जिला सदर अस्पताल सहित सभी प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी), स्वास्थ्य उपकेंद्र (यूएचडब्ल्यूसी) और आशा सहायता केंद्र (एएएम) में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला आरसीएच पदाधिकारी, जिला बीबीडी पदाधिकारी, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, सभी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला कार्यक्रम समन्वयक, जिला डाटा प्रबंधक श्री सावन कुमार ठाकुर, काय चिकित्सक श्री आमोद कुमार, जिला कार्यक्रम सहायक और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।