रामगढ़ (झारखंड) : विश्व दृष्टि दिवस 2025 के अवसर पर शुक्रवार को सदर अस्पताल, रामगढ़ में नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद और नोडल पदाधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (एसीएमओ) डॉ. नवल कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर जन-जागरूकता के उद्देश्य से रैली का आयोजन किया गया, जो सिविल सर्जन कार्यालय परिसर से निकाली गई।
इस वर्ष विश्व दृष्टि दिवस का थीम “अपनी आँखों से करें प्यार” रखा गया है। इस थीम के अंतर्गत पूरे अक्टूबर माह में नेत्र देखभाल, दृष्टि दोष की पहचान और उपचार से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी
रैली में जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय चौधरी, जिला नेत्र रोग पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी (असंक्रामक रोग कार्यक्रम) डॉ. तुलिका रानी, जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (डीपीएमयू) टीम, एसटीटी, बीटीटी टीम, और सहिया दीदी मुख्य रूप से उपस्थित थीं।
झारखंड सरकार के निर्देशानुसार पूरे माह चलेंगे विशेष कार्यक्रम
राज्य सरकार के निर्देश पर जिला और प्रखंड स्तर पर नेत्र स्वास्थ्य से जुड़ी कई गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें शामिल हैं :-
नेत्र जांच की आवश्यकता और महत्व पर जन-जागरूकता अभियान चलाना।
स्थानीय रेडियो और टीवी चैनलों के माध्यम से नेत्र रोगों से संबंधित जानकारी और साक्षात्कार प्रसारित करना।
जिला स्तर पर रैली, वॉकथॉन, दौड़ प्रतियोगिता एवं स्कूलों में स्क्रीनिंग शिविर आयोजित कर जागरूकता बढ़ाना।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे एक्स (पूर्व ट्विटर), फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से नेत्र रोगों की रोकथाम और उपचार के बारे में जानकारी साझा करना।
विजन सेंटर पर विशेष जांच अभियान
अक्टूबर माह भर विजन सेंटर में दृष्टि दोष की जांच, मोतियाबिंद स्क्रीनिंग शिविर और अंधत्व की रोकथाम से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जांच में पाए गए मरीजों को आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जाएगा।
प्रखंड स्तर पर भी स्कूलों और कॉलेजों में रैली, वॉकथॉन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समाज के हर वर्ग तक नेत्र स्वास्थ्य का संदेश पहुंच सके।