रामगढ़ पुलिस अधीक्षक ने की अपराध गोष्ठी, महिला सुरक्षा और त्योहारों के मद्देनज़र दिए सख्त निर्देश

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रामगढ़ स्थित सभागार कक्ष में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारी, पुलिस निरीक्षक तथा शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई। एसपी ने निर्देश दिया कि रात्रि के समय किसी महिला, बच्चे या बुजुर्ग व्यक्ति को अकेला देखने पर पुलिसकर्मी उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करें और उन्हें उनके गंतव्य स्थल तक सुरक्षित पहुँचाना सुनिश्चित करें

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थाने में आने वाले आम जनता के बैठने, पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की जाए तथा उनसे सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए।

बैठक में बिट पुलिसिंग प्रणाली को सशक्त करने पर जोर दिया गया। सभी थाना प्रभारियों को पुनः बिटवार पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों का पुनर्वितरण कर उनकी जिम्मेवारी स्पष्ट करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा नकली देशी और विदेशी शराब के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के भी आदेश दिए गए।

आगामी दीपावली और छठ पर्व को लेकर एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, निरीक्षक, थाना और ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सघन गश्ती और निगरानी रखने का निर्देश दिया ताकि त्योहारों का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में पुलिस उपाधीक्षक रामगढ़, सहायक पुलिस अधीक्षक-सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू, परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र रामगढ़, थाना प्रभारी रजरप्पा, यातायात थाना प्रभारी सहित सभी थाना और ओपी प्रभारी उपस्थित रहे।