नई दिल्ली / झारखंड ; राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने स्वच्छता को लेकर एक अनोखी पहल की है। अब यदि यात्रियों को किसी टोल प्लाजा पर गंदा या अस्वच्छ शौचालय दिखाई देता है, तो वे उसकी फोटो भेजकर ₹1000 का इनाम जीत सकते हैं। यह इनाम सीधे उनके FASTag वॉलेट में रिचार्ज के रूप में दिया जाएगा। यह योजना 31 अक्टूबर 2025 तक लागू रहेगी। इसका उद्देश्य हाईवे पर यात्रियों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
ऐसे करें शिकायत
राजमार्ग यात्रा (RajmargYatra) ऐप को अपने मोबाइल में डाउनलोड या अपडेट करें।
ऐप के माध्यम से गंदे शौचालय की जियो-टैग्ड और टाइम-स्टैम्प्ड फोटो अपलोड करें।
अपनी जानकारी जैसे नाम, मोबाइल नंबर और वाहन का पंजीकरण नंबर दर्ज करें।
एनएचएआई टीम शिकायत की जांच करेगी। अगर आपकी रिपोर्ट सही पाई गई, तो आपके फ़ास्ट टैग खाते में ₹1000 का रिचार्ज कर दिया जाएगा।
इनाम से जुड़े नियम
एक वाहन को पूरी अवधि में केवल एक बार इनाम मिलेगा।
किसी एक टॉयलेट के लिए एक दिन में सिर्फ एक शिकायत पर ही इनाम दिया जाएगा।
यदि एक ही जगह से कई शिकायतें मिलती हैं, तो पहली सही शिकायत को ही इनाम मिलेगा।
एनएचएआई का उद्देश्य
एनएचएआई के अनुसार, यह अभियान स्वच्छ भारत मिशन को सशक्त बनाने और यात्रियों को स्वच्छ व सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक कदम है।
एनएचएआई के एक अधिकारी ने बताया —
“हम चाहते हैं कि यात्री न केवल शिकायत करें बल्कि बेहतर सफाई व्यवस्था में भागीदार बनें। हर यात्री की भागीदारी हाईवे की छवि बदल सकती है।”साभार : डीएएस दिल्ली