कोयला कारोबारियों की समस्या को लेकर गिरिडीह सांसद ने कोल इंडिया चेयरमैन से की मुलाकात

Spread the love

कोलकाता (पश्चिम बंगाल) : कोयला कारोबारियों की समस्याओं को लेकर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन पीएम प्रसाद से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने झारखंड समेत अन्य राज्यों के कोयला व्यापारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों से उन्हें अवगत कराया।

सांसद चौधरी ने कहा कि नई सैंपलिंग नीति और बैंक गारंटी की अनिवार्यता जैसे निर्णय कोयला कारोबारियों के लिए अनावश्यक परेशानी का कारण बन रहे हैं। इससे न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि ट्रक चालकों, मजदूरों और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी विपरीत असर पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि झारखंड समेत कई राज्यों के करोड़ों परिवार प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इस व्यापार से जुड़े हुए हैं, इसलिए इनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान बेहद जरूरी है।

इससे पूर्व झारखंड कोल ट्रेडर्स ट्रस्ट के अध्यक्ष काशीनाथ महतो की अगुवाई में कोयला कारोबारियों का एक प्रतिनिधिमंडल गिरिडीह सांसद से मिला था और अपनी समस्याओं की लिखित जानकारी उन्हें सौंपी थी। उसी सिलसिले में सांसद ने कोल इंडिया चेयरमैन से भेंट की। इस दौरान उनके साथ प्रमुख कोयला कारोबारी संदीप केडिया भी मौजूद थे।

चेयरमैन पीएम प्रसाद ने सांसद को आश्वस्त किया कि कोल इंडिया प्रबंधन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर रहा है और जल्द ही कारोबारियों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।