बीआईटी दीक्षांत समारोह में निहाल कुमार को मिला स्वर्ण पदक, पिता सीसीएल पिंडरा परियोजना में ओवरमैन
कुजू, झारखंड :झारखंड के कुजू क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण तब आया जब सीसीएल पिंडरा परियोजना के ओवरमैन धर्मेंद्र कुमार वर्मा के पुत्र निहाल कुमार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के चेयरमैन वी. नारायणन ने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT) के दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया।
निहाल कुमार ने बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बीआईटी के सभी केंद्रों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। अपने अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत के बल पर निहाल ने यह उपलब्धि हासिल की है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद निहाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता नमिता वर्मा, पिता धर्मेंद्र कुमार वर्मा, सरकारी अधिकारी बहन दर्शिका वर्मा, तथा अपने शिक्षकों और सतत मेहनत को दिया।
निहाल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, बरियातू, रांची से प्राप्त की, जहाँ उन्होंने दसवीं और बारहवीं दोनों में 10 सीजीपीए अंक हासिल किए थे।
इस उपलब्धि से क्षेत्रवासियों और सीसीएल परिवार में खुशी की लहर है।