रामगढ़–रांची मुख्य मार्ग पर बड़ा हादसा, कई घंटे बाधित रहा यातायात
रामगढ़, झारखंड : रामगढ़–रांची मार्ग पर स्थित चुटूपालू घाटी में गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। रांची से कोडरमा जा रही एक यात्री बस और एक ट्रेलर के बीच टक्कर होने के बाद दोनों वाहन पलट गए। इस हादसे में 18 यात्री घायल हो गए, जबकि बस में कुल 40 से अधिक यात्री सवार थे।
सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस द्वारा रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, निशा रानी नामक बस यात्रियों को लेकर रांची से कोडरमा की ओर जा रही थी। इसी दौरान घाटी में पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित सरिया लदे
ट्रेलर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन पलट गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए रामगढ़–हजारीबाग मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने पहुंचकर जाम हटाने और यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि नई सड़क बनने के बाद से चुटूपालू घाटी ‘मौत की घाटी’ बन चुकी है, जहाँ आए दिन हादसे हो रहे हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन द्वारा लगाए गए साइन बोर्ड और लाइटें दुर्घटनाओं को रोकने में असफल साबित हो रही हैं।