रामगढ़: सुरक्षा गार्ड ने साथी गार्ड की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की, थाना जाकर किया आत्मसमर्पण

Spread the love
निर्माणाधीन कांप्लेक्स में सुनील सिंह का शव

रामगढ़, झारखंड: रामगढ़ शहर में स्थित रामगढ़ कॉलेज के समीप तथा पंचवटी अपार्टमेंट के बगल में निर्माणाधीन एक मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स में कार्यरत एक सुरक्षा गार्ड ने अपने ही साथी गार्ड की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी गार्ड स्वयं रामगढ़ थाना जाकर कुल्हाड़ी के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। यह घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में तैनात दोनों सुरक्षा गार्ड — सुनील सिंह और शंकर महतो — रात में ड्यूटी पर थे। दोनों ने शराब पी रखी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। बताया जाता है कि झगड़े के बाद सुनील सिंह कुछ देर के लिए वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद वापस लौट आया। इसके बाद दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया।

विवाद इतना बढ़ गया कि शंकर महतो ने वहां रखी कुल्हाड़ी से सुनील सिंह पर वार कर दिया। लगातार कई वारों से सुनील सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद शंकर महतो कुल्हाड़ी लेकर सीधे रामगढ़ थाना पहुंचा और आत्मसमर्पण कर अपराध की पूरी जानकारी पुलिस को दी। बताया जाता है कि गुरुवार को दोपहर में भी दोनो सुरक्षा गार्डों के बीच विवाद हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।