रामगढ, झारखंड : श्री कृष्ण विद्या मंदिर में शनिवार 18 अक्टूबर 2025 को विद्यालय के बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ धनतेरस एवं दीपावली मनाया। प्रातः 8:00 बजे विद्यालय के हर कक्षा के चार-चार बच्चे स्कूल बस के द्वारा डिवाइन ओंकार मिशन स्कूल गए, जहां उन्होंने वहां के अनाथ बच्चों को मिठाई खिलाई तथा पटाखे भेंट की। विद्यालय के बच्चे विद्यालय प्राचार्य एम कृष्णा चंद्रा के नेतृत्व में तथा विद्यालय के शिक्षक सारिक आलम, अमित तिवारी, नंदनी कुमारी तथा अर्चना कुमारी की देखरेख में गए थे।
प्रातः 10:30 बजे विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता), सचिव विमल किशोर जाजू, कोषाध्यक्ष रमेश अग्रवाल एवं वरिष्ठ सदस्य महावीर अग्रवाल के द्वारा हर वर्ग के बच्चों द्वारा बनाए गए सुंदर एवं आकर्षक रंगोली का अवलोकन किया गया। उपस्थित अतिथियों ने आकर्षक रंगोली का अवलोकन करने के पश्चात बच्चों द्वारा निर्मित रंग-बिरंगे दीयों का अवलोकन किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा कला के क्षेत्र में कुशल कारीगरी पर उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की सराहना की। विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं को लड्डू प्रदान किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के मैदान में सभी शिक्षक – शिक्षिकाओं की देखरेख में बच्चों ने पटाखे छोड़े एवं शुभ दीपावली का आनंद उठाया।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने सभी उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं, गैर शिक्षण कर्मचारियों एवं सभी बच्चों समेत अभिभावकों को धनतेरस एवं शुभ दीपावली की शुभकामनाएं दी तथा आपसी भेदभाव मिटाकर प्रेम के साथ दीपावली मनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यालय के सभी शिक्षण – गैर शिक्षण कर्मचारियों के बीच मिठाई का वितरण किया गया।