आगरा, उत्तर प्रदेश : दिवाली बोनस को लेकर नाराज टोलकर्मियों ने सोमवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। फतेहाबाद टोल प्लाजा पर कर्मचारियों ने बोनस राशि को लेकर आपत्ति जताते हुए करीब दो घंटे तक सभी टोल गेट खोल दिए। इस दौरान हजारों वाहनों ने बिना टैक्स दिए एक्सप्रेसवे पार किया, जिससे कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
सूत्रों के अनुसार, मार्च 2025 से “श्री साइन एंड दातार” कंपनी इस टोल प्लाजा का संचालन कर रही है। दीपावली के अवसर पर कंपनी ने अपने कर्मचारियों को 1100 रुपये का बोनस दिया, लेकिन कर्मचारियों ने इसे “न्यायोचित नहीं” बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि वे लंबे समय से यहां कार्यरत हैं, इसलिए उन्हें पूरे वर्ष के बोनस का हक है, न कि ठेका अवधि के हिसाब से आधे साल का।
सुबह की शिफ्ट शुरू होते ही कर्मचारियों ने काम रोक दिया और टोल बूथों के बैरियर उठा दिए। नतीजा यह हुआ कि दो घंटे तक ट्रक, बस और निजी वाहन बिना रुके निकलते रहे। राहगीरों को समझ नहीं आया कि अचानक टोल फ्री कैसे हो गया, लेकिन सभी मुस्कुराते हुए आगे बढ़ते रहे। कई यात्रियों ने इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए, जो देखते ही देखते वायरल हो गए।
कंपनी के प्रबंधन को जब सूचना मिली, तो उसने दूसरे टोल से कर्मियों को बुलाकर व्यवस्था बहाल करने की कोशिश की, मगर विरोध कर रहे कर्मचारियों ने किसी को काम नहीं करने दिया। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को शांत करने की कोशिश की।
काफी देर चली वार्ता के बाद कंपनी और कर्मचारियों के बीच समझौता हो गया। कंपनी प्रबंधन ने वेतन में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी करने और बोनस संबंधी मांग पर पुनर्विचार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद टोल संचालन सामान्य रूप से शुरू हो गया।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर दिखा दिया कि त्योहारों के मौसम में कर्मचारियों की अपेक्षाओं की अनदेखी कभी-कभी कंपनियों को भारी पड़ सकती है।
साभार : डीएएस दिल्ली