रामगढ़, झारखंड : मां काली पूजन के उपरांत मंगलवार, 21 अक्टूबर 2025 को पूरे रामगढ़ जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शहर के विभिन्न इलाकों में भक्तों ने विधि-विधान के साथ माता काली को विदा किया।
रामगढ़ शहर के बंगाली टोला में जमींदारी काल से चली आ रही परंपरा के तहत इस वर्ष भी तीन स्थानों पर — बड़की काली, मंझली काली और छोटकी काली — की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। तीनों पूजा स्थलों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। परम्परा के अनुसार माता को बकरे की बली भी चढ़ाई गई । बड़की काली पूजा स्थल पर परंपरा के अनुरूप माता को बड़ी संख्या में बकरों की बली भी चढ़ाई गई।
बंगाली टोला के अलावा कोयरी टोला, मिलोनी क्लब, एमईएस पानी टंकी के पास, रामगढ रेलवे स्टेशन के निकट, रांची रोड इंदिरा कॉलोनी और पतरातू बस्ती सहित कई इलाकों में भी काली पूजा की गई। पूजा-अर्चना के बाद जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने मां काली की प्रतिमाओं का विसर्जन विभिन्न तालाबों में किया।
विसर्जन जुलूस में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी संख्या मौजूद रही। बंगाली टोला की तीनों प्रतिमाओं का एक साथ विसर्जन किया गया, जो वर्षों से चली आ रही सांस्कृतिक और धार्मिक एकता की मिसाल को एक बार फिर जीवंत कर गया।