रांची, झारखंड : कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट के संचालक विजय नाग की हत्या के मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह को पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और आरोपी के बीच सुकुरहट्टू इलाके में हुई इस मुठभेड़ में अभिषेक के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर रिम्स में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, तभी जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने उसके दो सहयोगियों — हरेंद्र सिंह और जेठा — को भी हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
बताया जा रहा है कि अभिषेक मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और फिलहाल कांके के भिट्ठा क्षेत्र में रह रहा था। वह जमीन कारोबार से जुड़ा हुआ था और इस धंधे को लेकर उसके कई लोगों से विवाद भी चल रहे थे। हत्या के बाद वह बिहार भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सक्रियता से पहले ही पकड़ा गया।
गौरतलब है कि शनिवार देर रात चौपाटी रेस्टोरेंट में बिरयानी ऑर्डर को लेकर हुए विवाद में रेस्टोरेंट संचालक विजय नाग की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताते हुए कांके रोड को जाम कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।