गोड्डा में 30 साल पुरानी पानी की टंकी गिरी, दो बच्चों की मौत, तीन घायल

Spread the love

गोड्डा, झारखंड : जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के डाहुबेड़ा गांव में लगभग 30 साल पुरानी पानी की टंकी गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे आदिम पहाड़िया जनजाति परिवार के थे। हादसा उस समय हुआ जब बच्चे गांव में बनी पुरानी सीमेंट की टंकी के नीचे स्नान कर रहे थे। अचानक जर्जर ढांचा भरभरा कर गिर पड़ा, जिससे मलबे में बच्चे दब गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और बच्चों को मलबे से निकालकर गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचाया। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे भागलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान 5 वर्षीय मेशा नंद पहाड़िया और 6 वर्षीय धमेंद्र पहाड़िया के रूप में हुई है। घायलों में 4 वर्षीय चंदन पहाड़िया, 5 वर्षीय मेशा पहाड़िया और 5 वर्षीय गौरव पहाड़िया शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही गोड्डा उपायुक्त अंजलि यादव और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और परिजनों को सरकारी सहायता एवं हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को घटना की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी की नींव लंबे समय से कमजोर थी और उसकी मरम्मत नहीं की गई थी। अब निर्माण की गुणवत्ता और विभागीय लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।

उपायुक्त अंजलि यादव ने कहा कि अगर जांच में लापरवाही या तकनीकी खामी पाई गई, तो दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे डाहुबेड़ा गांव में शोक की लहर है।