रामगढ़, झारखंड : रोटरी रामगढ़ सिटी क्लब ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और सराहनीय कदम उठाया है। बुधवार, 22 अक्टूबर को कोयरी टोला, रामगढ़ में क्लब द्वारा दूसरा “रोटरी सहेली सेंटर” प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर क्लब की ओर से तीन निःशुल्क सिलाई मशीनें सेंटर की संचालिका स्थानीय महिला सोनी देवी को प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ए.जी. धीरज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी क्लब रामगढ़ सिटी का यह प्रयास समाज में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने क्लब सदस्यों की सामाजिक प्रतिबद्धता की सराहना की।
क्लब अध्यक्ष आदर्श चौधरी ने कहा कि रोटरी रामगढ़ सिटी भविष्य में और भी “रोटरी सहेली सेंटर” खोलने की योजना बना रहा है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें।
इस परियोजना का संचालन प्रोजेक्ट चेयरमैन रूपेश गुप्ता और प्रियंका अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया। सेंटर के संचालन और देखरेख की जिम्मेदारी भी इन्हीं दोनों को सौंपी गई है।
कार्यक्रम में क्लब के सदस्य उमेश राजगड़िया, प्रकाश अग्रवाल, दीपक खंडेलवाल, विनीता गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सचिव रोहित कुमार पंसारी ने किया। सेंटर की संचालिका सोनी देवी और उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।