कुजू, रामगढ़ (झारखंड) : कोयला नगरी कुजू न केवल अपने कोयले की गुणवत्ता के लिए जानी जाती है, बल्कि यहां प्रतिभा के ऐसे हीरे भी हैं जो देश-प्रदेश में नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसी ही एक होनहार बेटी जसलीन गिल ने अपनी प्रतिभा से क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
जसलीन गिल, जो कुजू के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी पाल सिंह गिल (पाले) की पुत्री हैं, ने चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट (CFA) परीक्षा के लेवल-3 में सफलता प्राप्त की है। यह परीक्षा 19 अगस्त को आयोजित की गई थी, जिसमें विश्वभर से 14,538 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। 23 अक्टूबर को घोषित परिणामों में जसलीन ने सफल परीक्षार्थियों में स्थान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
वर्तमान में वेदांता ग्रुप में कार्यरत जसलीन की इस उपलब्धि ने कुजू जैसे छोटे शहर की पहचान को देश और प्रदेश स्तर पर नई ऊंचाई दी है। उनकी सफलता ने पठन-पाठन के प्रति समर्पित युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया है।
बाल्यकाल से ही अध्ययनशील रहीं जसलीन का लक्ष्य वित्तीय क्षेत्र में भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता और शुभेच्छुओं को दिया है।
जसलीन ने संदेश दिया कि किसी भी मुकाम को हासिल करने के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता, केवल लक्ष्य के प्रति समर्पण और कठिन परिश्रम ही सफलता का रास्ता है।