चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का शानदार आगाज, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया उद्घाटन

Spread the love

रांची, झारखंड : मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार 24 अक्टूबर 2025 को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में आयोजित चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप–2025 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर झारखंड की लोकसंस्कृति, कला और परंपरा से सजे कार्यक्रम में कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय के बाद इस प्रतिष्ठित सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी झारखंड को मिली है, जो पूरे राज्य के लिए गर्व और सम्मान की बात है। इस प्रतियोगिता में दक्षिण एशिया के छह देशों — भारत, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका — के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “झारखंड के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। राज्य सरकार का प्रयास रहेगा कि ऐसी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन निरंतर होता रहे।” उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा खेलों के प्रति उत्साही हैं और क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी सहित कई खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की जनता और युवा खिलाड़ियों को स्टेडियम में उपस्थित होकर एथलीटों का उत्साह बढ़ाना चाहिए। उन्हें विश्वास है कि इस प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ी भी देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने दक्षिण एशियाई देशों से आए सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि “झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक नृत्य के माध्यम से आज हमारे कलाकारों ने सभी का दिल जीत लिया।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों के लिए उत्तम आधारभूत संरचनाएं उपलब्ध हैं, और सरकार इन संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित करेगी।

इस अवसर पर खेल मंत्री श्री सुदिव्य कुमार, स्वास्थ्य मंत्री श्री इरफान अंसारी, कृषि मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, विधायक श्रीमती श्वेता सिंह, विधायक श्री सुरेश बैठा, सैफ के प्रेसिडेंट डॉ. ललित भनोट, भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष पद्मश्री बहादुर सिंह सागू, और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पद्मश्री श्रीमती कृष्णा पूनिया सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।