कुजू, झारखंड: कुजू ओपी क्षेत्र के छोटकीडुंडी पंचायत सचिवालय के समीप स्थित बड़कीडुंडी गांव में गुरुवार को एक खेत में अज्ञात तकनीकी यंत्र गिरने से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। खेत में यंत्र के साथ एक फटा हुआ गुब्बारा भी मिला, जिस पर हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में जानकारी लिखी हुई थी।
बाद में नज़दीक से जांच करने पर ग्रामीणों ने पाया कि यंत्र पर “भारत मौसम विज्ञान विभाग, भारत सरकार” का लेबल और “ मेड इन कोरिया ” अंकित है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
स्थानीय जलसहिया एवं बड़कीडुंडी निवासी रेणु कुमारी (पत्नी कैलाश महतो) ने बताया कि अहले सुबह उन्होंने अपने खेत में एक चमकता हुआ यंत्र देखा, जिसकी बत्तियां जल रही थीं। पास जाकर देखा तो उसके साथ एक फटा गुब्बारा भी था।
उन्होंने तुरंत इसकी सूचना ग्राम मुखिया रामसेवक महतो को दी, जिन्होंने कुजू ओपी पुलिस को मामले की जानकारी दी। बाद में जांच में स्पष्ट हुआ कि यह यंत्र मौसम विभाग द्वारा वायुमंडलीय अध्ययन और मौसम से संबंधित आंकड़े एकत्र करने के लिए छोड़ा गया गुब्बारा-आधारित उपकरण था