गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर आठवें दिन निकली प्रभात फेरी

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : सिख धर्म के प्रवर्तक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव को लेकर आठवें दिन गुरुद्वारा साहिब रामगढ़ से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई।

प्रभात फेरी में निशान साहिब लेकर सरदार गुरजोत सिंह सैनी अगुवाई कर रहे थे। यह प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब से आरंभ होकर किला मंदिर, लोहार टोला, चट्टी बाजार, झंडा चौक, मेन रोड, अप्सरा टेक्सटाइल होते हुए पंजाबी मोहल्ला स्थित सरदार कंवलजीत सिंह सलूजा के आवास तक पहुंची।

यहां सरदार कंवलजीत सिंह सलूजा एवं उनके परिवार ने प्रभात फेरी का स्वागत किया। गुरुद्वारा प्रबंधक समिति की ओर से सरदार गुरदीप सिंह सैनी ने सरदार कंवलजीत सिंह सलूजा को सिरोपा देकर सम्मानित किया।

साध-संगत “कर किरपा तेरे गुण गांवा, तेरी सेवा मुकत भुक्त जुगत तेरी सेवा” जैसे शबद-कीर्तन गाते हुए चल रही थी।

इस अवसर पर गुरुद्वारा के प्रधान परमदीप सिंह कालरा, मीत प्रधान अमरजीत सिंह सैनी, सेक्रेटरी हरदीप सिंह होरा, खजांची रघुवीर सिंह छाबड़ा, प्रसिद्ध शब्द गायक सुरजीत सिंह छाबड़ा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रभात फेरी में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही जिसने पूरे वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।