रामगढ़, झारखंड :रामगढ़-पतरातू मार्ग पर रविवार को बनगड्डा के पास हुई सड़क दुर्घटना में दो मोटर साइकिल सवार की मौत हो गयी थी । सोमवार को परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। मृतकों की पहचान छोटकी मुर्राम, रामगढ़ निवासी आनंद मुंडा (42 वर्ष) और प्रदीप मुंडा (45 वर्ष) के रूप में की गई है।
पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजन बिजुलिया ओवरब्रिज के समीप सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। दोपहर लगभग ढाई बजे शुरू हुआ यह जाम करीब साढ़े तीन घंटे तक चला, जिससे पूरे रामगढ़ शहर में आवागमन ठप हो गया।
जाम में कई स्कूल बसें फंस गईं, जिससे छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम सुभाष चौक से कॉलेज मोड़ तक फैल गया था। परिजन मुआवजा मिलने की मांग पर अड़े रहे और बिना आश्वासन के जाम हटाने को तैयार नहीं थे।
बाद में अंचल पदाधिकारी रमेश रविदास और थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और मुआवजे के आश्वासन के बाद जाम को शाम छह बजे हटाया गया।