पीवीयूएनएल की बड़ी उपलब्धि: यूनिट नंबर एक से वाणिज्यिक संचालन की घोषणा

Spread the love

पतरातू (रामगढ़), झारखंड : पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) ने बुधवार, 05 नवंबर 2025 को अपनी यूनिट नंबर एक के वाणिज्यिक संचालन तिथि (सीओडी) की औपचारिक घोषणा की। यह उपलब्धि झारखंड राज्य की बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

पीवीयूएनएल की यह यूनिट अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित है। इसमें अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल पैरामीटर द्वारा उच्च दक्षता सुनिश्चित की गई है, जबकि एयर कूल कंडेंसर तकनीक से पानी की खपत में उल्लेखनीय कमी आई है। इसके अलावा, 100 प्रतिशत ड्राई ऐश तकनीक से राख के पूर्ण उपयोग की व्यवस्था की गई है, जो पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण कदम है।

संस्थान की ओर से बताया गया कि यूनिट ने सभी आवश्यक परीक्षण और स्थिरीकरण प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक पूरी कर ली हैं, जिससे इसकी विश्वसनीयता और कार्यक्षमता सिद्ध हुई है। इस अवसर पर पीवीयूएनएल के सीईओ ए.के. सहगल, सीजीएम (प्रोजेक्ट) अनुपम मुखर्जी, जीएम (संचालन) मनीष क्षेत्रपाल, जीएम (टेक्निकल सर्विसेज) संगीता दाश, जीएम (अनुरक्षण) ओ.पी. सोलंकी, जीएम (प्रोजेक्ट) विष्णु दत्ता दाश समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पीवीयूएनएल प्रबंधन ने कहा कि इस सफलता के पीछे टीम की कड़ी मेहनत, तकनीकी दक्षता और समर्पण की अहम भूमिका रही है। संस्था का लक्ष्य है कि यूनिट को सुरक्षित, टिकाऊ और उच्च प्रदर्शन स्तर पर संचालित कर राज्य व देश को निरंतर और भरोसेमंद बिजली उपलब्ध कराई जा सके।