पटना, बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग गुरुवार शाम को संपन्न हो गई। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चली। चुनाव आयोग ने दावा किया कि मतदान शांतिपूर्ण रहा और अधिकांश क्षेत्रों में कोई बड़ी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। आयोग द्वारा जारी प्राथमिक आँकड़ों के अनुसार 64 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया है। अंतिम आंकड़े देर रात तक जारी किए जाएंगे।
पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदाताओं ने अपने प्रतिनिधि चुनने के लिए वोट डाले। कुल 1,314 उम्मीदवार, जिनमें 122 महिलाएं शामिल हैं, मैदान में थे। विभिन्न बूथों पर वेबकास्टिंग और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई थी। कुछ निर्वाचन क्षेत्रों—जैसे मुंगेर, सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर और जमालपुर—में शाम 5 बजे ही मतदान प्रक्रिया समाप्त कर दी गई।
इस दौरान कुछ स्थानों से छिटपुट घटनाओं की सूचना मिली। लखीसराय में डिप्टी सीएम एवं भाजपा प्रत्याशी विजय सिन्हा के काफिले पर पथराव किया गया। दरभंगा के घनश्यामपुर इलाके में फर्जी मतदान की कोशिश करते दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि जाले में दो पोलिंग एजेंटों के बीच झड़प और पथराव की खबर सामने आई।
पार्टियों के दावे
पहले चरण की वोटिंग के बाद राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि पहले चरण की वोटिंग में जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया है। उनका दावा है कि महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है और मतदाताओं ने वर्तमान सरकार के खिलाफ असंतोष प्रकट किया है।
दूसरी ओर, जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि पहले चरण की सभी 121 सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि बिहार के मतदाताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताया है और विकास कार्यों को समर्थन दिया है।
आरजेडी की अपील
मतदान समाप्त होते ही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंटों से अपील की कि वे ईवीएम को स्ट्रॉन्ग रूम तक सुरक्षित पहुंचाए जाने तक निगरानी करें। पार्टी ने सलाह दी कि ईवीएम ले जाने वाले वाहन के पीछे-पीछे जाएं और पीठासीन अधिकारी से फॉर्म 17-ग (भाग-1) प्राप्त जरूर करें।