हैप्पी हर्ट विषय पर रामगढ़ महाविद्यालय में सेमिनार, शांतिधारा फ़ाउन्डेशन और आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : शांतिधारा फ़ाउन्डेशन तथा आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में रामगढ़ महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में हैप्पी हर्ट विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता और स्वागत भाषण रामगढ़ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रत्ना पांडेय ने दिया।

शांतिधारा फ़ाउन्डेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में बताया कि विगत सात वर्षों से फ़ाउन्डेशन द्वारा हृदय को स्वस्थ और प्रसन्न रखने के लिए जाँच शिविर तथा सेमिनार के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हैप्पी हर्ट के लिए ईर्ष्या, निंदा, द्वेष, तनाव और चिंता जैसे मानसिक विकारों पर नियंत्रण आवश्यक है।

मुख्य अतिथि और सीनियर कंसल्टेंट फिज़िशियन डॉ. के. चंद्रा ने अपने व्याख्यान में बताया कि विश्व में होने वाली कुल मौतों में लगभग पच्चीस प्रतिशत मौतें हृदय रोग के कारण होती हैं। आजकल युवाओं में हृदय रोग तेजी से बढ़ रहा है। आधुनिक जीवन शैली, भागदौड़, प्रतियोगिता की भावना, जंक फूड, तंबाकू और शराब का सेवन इसके प्रमुख कारण हैं। उन्होंने कहा कि सेहत के लिए भारतीय भोजन सर्वोत्तम है। दाल, भात, अंकुरित अनाज, सहजन, मिश्रित अनाज (गेहूं, चना, ज्वार, मड़ुआ) की रोटी और हरी सब्जियों का अधिक सेवन लाभकारी है। महीने में कम से कम एक दिन उपवास भी उपयोगी होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सरल और सादगीपूर्ण जीवन शैली अपनाने की सलाह दी। व्याख्यान के अंत में उन्होंने छात्रों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. आर. के. उपाध्याय ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. असीम खलखो ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. मालती डीन, डॉ. रामाज्ञा सिंह, डॉ. साजिद हुसैन, डॉ. शहनवाज़ हुसैन, डॉ. प्रेमचंद महतो, प्रो. विजेता तिगगा, सुन्दर लाल, सुरेश महतो, वीरेंद्र उराँव सहित सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित थे।