रामगढ़, झारखंड : श्री कृष्ण विद्या मंदिर में स्काई हाई एजुकेशनल सर्विसेज के तत्वावधान में बुधवार 12 नवंबर 2025 को कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायी कैरियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य एम. कृष्णा चंद्रा द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ के कलिंगा विश्वविद्यालय के जंतुशास्त्र विभाग के प्रख्यात प्रोफेसर डॉ. मनोज सिंह उपस्थित थे।
अपने प्रेरक संबोधन में डॉ. सिंह ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, उभरते हुए व्यावसायिक क्षेत्रों और उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के बदलते दौर में केवल पारंपरिक कैरियर ही नहीं, बल्कि बायोटेक्नोलॉजी, पर्यावरण विज्ञान, डाटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रिसर्च जैसे नवोन्मेषी क्षेत्रों में भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
डॉ. सिंह ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि सफलता किसी एक परीक्षा से नहीं, बल्कि अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप सही निर्णय लेने से मिलती है। उन्होंने छात्रों को आत्मविश्वास और दृढ़ निश्चय के साथ अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा दी।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अनेक जिज्ञासाएं प्रस्तुत कीं, जिनका समाधान डॉ. सिंह ने सहज और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में प्रेरणादायी और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने डॉ. मनोज सिंह और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की मजबूत नींव रखते हैं। यह न केवल ज्ञानवर्धक होते हैं, बल्कि सही दिशा और मार्गदर्शन भी प्रदान करते हैं।
(स्रोत: श्री कृष्ण विद्या मंदिर, रामगढ़)