गोला (रामगढ़), झारखंड :गोला स्थित द्वारिका पैलेस में आज एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि एवं युवा नेता राजीव जायसवाल ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत हुए हालिया शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर गहरी नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि रामगढ़ जिले में ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल रामगढ़ द्वारा 11 नवम्बर 2025 को मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गोला प्रखंड के बरियातू पंचायत स्थित बड़की कोइया दोबाट से भेड़ नदी पुल तक तथा बरलंगा के लुकैयाटांड़ से हरना तक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक तो उपस्थित रहे, परंतु सांसद एवं अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं किया गया।
राजीव जायसवाल ने कहा कि यह रवैया न केवल प्रशासनिक शिष्टाचार के विरुद्ध है, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं का भी उल्लंघन है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण विकास योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण सड़कों को बेहतर बनाना है। लेकिन इस योजना के शिलान्यास में केवल एक जनप्रतिनिधि को शामिल करना और अन्य को नजरअंदाज करना लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंचाने जैसा है।
उन्होंने कहा कि किसी भी योजना के सफल क्रियान्वयन में केंद्र और राज्य, दोनों सरकारों की भूमिका होती है। ऐसे में किसी भी विकास परियोजना को व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करना उचित नहीं है। सरकार का हर कार्य जनता और उनके प्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम होता है। इसलिए श्रेय भी सामूहिक रूप से दिया जाना चाहिए, न कि किसी एक व्यक्ति को।
राजीव जायसवाल ने इस मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि जो अधिकारी या कर्मचारी इस तरह की अनदेखी के लिए जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
उन्होंने यह भी कहा कि शिलान्यास पट्टिका पर केवल एक विधायक का नाम अंकित किया जाना बेहद खेदजनक है। यह न केवल सरकारी प्रक्रिया का उल्लंघन है बल्कि जनप्रतिनिधि संस्थाओं की गरिमा के साथ भी खिलवाड़ है। लोकतंत्र में सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों का समान सम्मान होना चाहिए।
राजीव जायसवाल ने कहा कि लोकतंत्र की मर्यादा की रक्षा हर प्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को किसी व्यक्ति विशेष की लोकप्रियता का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के सामूहिक हित का प्रतीक बनाना चाहिए।
प्रेस वार्ता में गोला मंडल सांसद प्रतिनिधि प्रीतम झा, मंडल महामंत्री जितेंद्र साव, किसान मोर्चा अध्यक्ष ललन कुशवाहा, रवि हाज़रा, उत्तम कुशवाहा, सूरज वर्मा, सुकेन्द्र साव सहित अनेक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद थे।