सासाराम, बिहार : विधानसभा चुनाव 2025 के मतगणना की तैयारियों के बीच सासाराम में बुधवार की देर रात एक बड़ी घटना सामने आई। शहर के बाजार समिति, तकिया परिसर स्थित वज्र गृह (EVM स्ट्रॉन्ग रूम) में एक खाली बक्शा लदा ट्रक घुस आया, जिसके बाद वहां मौजूद राजनीतिक दलों के समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही डीएम उदिता सिंह और एसपी रौशन कुमार मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। इस बीच, राजद प्रत्याशी राजेश यादव (दिनारा), सतेंद्र साह (सासाराम) और अनीता चौधरी (नोखा) ने वज्र गृह के बाहर धरना शुरू कर दिया। प्रत्याशियों का आरोप था कि वज्र गृह के अंदर CCTV कैमरे खराब हैं और प्रशासन पूरे मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है।
राजद समर्थकों का कहना है कि पुलिस प्रशासन ने विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग किया, हालांकि एसपी रौशन कुमार ने इस आरोप को खारिज किया है। उन्होंने स्वीकार किया कि ट्रक चेनारी विधानसभा के शिवसागर डिस्पैच सेंटर से खाली बक्शे लेकर आया था, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका कि सील किए गए वज्र गृह में ट्रक कैसे घुसा।
इस घटना पर डीएम ने चेनारी विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह एडीएम ललित रंजन से स्पष्टीकरण मांगा है कि वज्र गृह सील होने के बाद ट्रक भेजे जाने की अनुमति किसने दी।
बताया जाता है कि सासाराम नगर थाना क्षेत्र के बाजार समिति परिसर में विधानसभा चुनाव की सभी EVM मशीनों को सुरक्षित रखा गया है, जहां सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। यह घटना चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रही है।