गोला (रामगढ), झारखंड : गोला प्रखंड में आयोजित दो दिवसीय ब्लॉक विज़निंग कार्यशाला का बुधवार 12 नवंबर 2025 को उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल समापन हुआ। इस कार्यशाला का संचालन *मास्टर ट्रेनर श्री आकिब जावेद और श्री मुनाजिर अंसारी ने किया, जिन्होंने सत्रों को रोचक, सहभागी और प्रेरणादायक बनाते हुए प्रतिभागियों को ब्लॉक स्तर की सामूहिक दृष्टि निर्माण प्रक्रिया से जोड़ा।
कार्यशाला का शुभारंभ 10 नवंबर को प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सुधा वर्मा, प्रखंड उप प्रमुख श्री विजय ओझा, विधायक प्रतिनिधि श्री मनोज कोटवार, प्रखंड के मुखिया गण एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के संयुक्त आतिथ्य में किया गया।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ‘स्थानीयता संधि’ के तीन स्तंभ — प्रशासन, जनप्रतिनिधि और सामुदायिक संगठन — को एक साझा मंच पर लाकर प्रखंड की चुनौतियों और विकास की दिशा पर विस्तृत चर्चा करना था। प्रतिभागियों ने खेलों और सहभागी गतिविधियों के माध्यम से अपने अनुभव साझा किए और सामूहिक दृष्टि निर्माण की प्रक्रिया को समझा।
कार्यशाला के दौरान यह विचार उभरा कि ब्लॉक और पंचायत स्तर की व्यवस्थाएं एक संगठित प्रणाली के रूप में कार्य करती हैं, और इन स्तरों पर सामूहिक योजना एवं क्रियान्वयन से सतत विकास संभव है। इस दौरान प्रतिभागियों ने ब्लॉक के सपनों, लक्ष्यों और सूचकांकों को निर्धारित किया तथा यह भी साझा किया कि हर वर्ष ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) को और अधिक प्रभावी कैसे बनाया जा सकता है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रखंड के सभी 21 पंचायतों में समितियों की नियमित बैठकें निर्धारित तिथियों पर आयोजित की जाएंगी, जबकि ब्लॉक स्तरीय समिति की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाएगी, ताकि इस कार्यशाला में तय किए गए लक्ष्यों को मूर्त रूप दिया जा सके।
इस कार्यक्रम में तकनीकी सहयोग ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया (Transform Rural India) द्वारा प्रदान किया गया। कार्यशाला में विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, महिला संकुल स्तरीय संगठन की सदस्याएँ, स्थानीय युवा और किसान मित्रों ने सक्रिय भागीदारी की।
ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया की ओर से कौशिक सामंतों, रितिका, सऊद आलम, एवं अन्य साथी उपस्थित रहे और प्रतिभागियों को निरंतर सहयोग प्रदान किया।
कार्यशाला का समापन प्रतिभागियों द्वारा एक स्वर में “आवाज़ दो, हम एक हैं” के उद्घोष और यह संकल्प लेते हुए किया गया कि गोला प्रखंड के विकास के लिए देखे गए हर सपने को साकार करने हेतु सतत प्रयास जारी रहेंगे।
यह कार्यशाला प्रखंड स्तर पर सामुदायिक एकता, सहभागिता और विकास की साझा दृष्टि को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।