लंबे समय से चल रही गाय चोरी की घटनाओं का हुआ पर्दाफाश, गौपालकों ने स्वयं पकड़कर आरोपी को सौंपा पुलिस के हवाले 

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ शहर तथा इसके आसपास के इलाकों से लंबे समय से लगातार गाय चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। बताया जाता है कि अब तक सैकड़ों गाय चोरी हो चुकी हैं, जिससे लोगों में भय और आक्रोश दोनों व्याप्त था। चोरी की घटनाओं को लेकर कई तरह की चर्चाएँ भी चल रही थीं।

रविवार, 16 नवंबर 2025 को शहर में हो रही इन लगातार घटनाओं का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। जानकारी के अनुसार, कई गौपालक कानूनी झंझटों के डर से पुलिस के पास नहीं जाते थे, लेकिन वे अपने स्तर पर चोरों का पता लगाने के प्रयास में लगातार लगे हुए थे।

इसी क्रम में रविवार को गौपालकों को गाय चोरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, और उन्होंने एक आरोपी को पकड़कर रामगढ़ थाना को सौंप दिया। प्राप्त विवरण के अनुसार, ये गाय चोर विकास नगर में घर बनाकर रह रहे थे, जबकि मूल रूप से ये बिहार और उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।

रविवार को विकास नगर स्थित एक व्यक्ति के घर से एक चोरी गई गाय भी बरामद की गई। बताया गया कि ये आरोपी स्वयं भी गाय–भैंस पालन करते हैं और चोरी की गई अच्छी नस्ल की गायों को बिहार और उत्तर प्रदेश भेज देते थे।

इस पूरे मामले का मुख्य आरोपित फरार बताया जा रहा है। पकड़े गए व्यक्तियों से पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि गाय चोरी की घटनाओं में किसी दूसरे समुदाय के लोग शामिल नहीं थे। लंबे प्रयास के बाद गौपालकों ने स्वयं इस गिरोह का खुलासा किया और पुलिस को सौंपकर मामले का उद्भेदन किया।