रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ कॉलेज के समग्र विकास को लेकर सांसद मनीष जायसवाल और कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रत्ना पांडेय के बीच मंगलवार को महत्वपूर्ण और सार्थक बैठक हुई। बैठक में कॉलेज के शैक्षणिक विकास, आधारभूत संरचना के विस्तार और छात्रों की सुविधा से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्राचार्या डॉ. रत्ना पांडेय ने सांसद को कॉलेज की वर्तमान आवश्यकताओं, शैक्षणिक गतिविधियों, नई सुविधाओं की जरूरत तथा छात्र हित में प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी। कॉलेज के लिए आवश्यक भवन विस्तार, अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण, पुस्तकालय और प्रयोगशाला के उन्नयन आदि मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सांसद मनीष जायसवाल ने कॉलेज प्रशासन को आश्वस्त किया कि रामगढ़ कॉलेज को एक उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा किसी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है, और रामगढ़ कॉलेज को सुदृढ़ बनाना उनकी प्राथमिकता है।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया और कॉलेज के भविष्य को लेकर कई सकारात्मक निर्णय लिए। सांसद ने शीघ्र ही संबंधित विभागों से चर्चा कर आवश्यक विकास कार्य आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
रामगढ़ महाविद्यालय के शिक्षकगण व संबंधित अधिकारी भी इस चर्चा में शामिल थे।