कुजू (रामगढ़), झारखंड : डीडीसी रामगढ़ के निर्देश पर झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) – पलाश द्वारा मुरपा गांव में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) बिरहोर समुदाय की छह महिलाओं को आजीविका बढ़ाने के उद्देश्य से बकरियों का वितरण किया गया। यह सहायता सामुदायिक निवेश कोष (सीआइएफ) के अंतर्गत प्रदान की गई।
आजीविका मजबूत करने की पहल
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि इस योजना का लक्ष्य अत्यंत वंचित बिरहोर परिवारों को आय का स्थायी और विश्वसनीय साधन उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके और वे आत्मनिर्भर बन सकें।
इन लाभुक महिलाओं को मिली सहायता
दो स्वयं सहायता समूहों की कुल छह महिलाओं को बकरियां दी गईं—
प्यारी स्वयं सहायता समूह: बिरसी देवी, पूजा देवी, बिरसी देवी
पायल स्वयं सहायता समूह: चम्पा देवी, युयिका देवी, फूलों देवी
स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारियों की उपस्थिति
वितरण कार्यक्रम में वार्ड सदस्य महेश महतो तथा जेएसएलपीएस की टीम मौजूद रही। उन्होंने लाभुक महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बकरी पालन ग्रामीण क्षेत्रों में आय सृजन का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। इससे महिलाएँ आर्थिक रूप से सशक्त होंगी और परिवार की आय में स्थायी बढ़त मिलेगी।
लाभुक महिलाओं ने जताया आभार
सहायता प्राप्त करने वाली महिलाओं ने जिला प्रशासन व जेएसएलपीएस के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सहयोग उनके लिए स्थायी आजीविका का मजबूत आधार बनेगा। बकरी पालन उनके आर्थिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।