रामगढ़ (झारखंड) : सहायक आयुक्त उत्पाद श्रीमति बिमला लकड़ा के निर्देश पर रामगढ़ उत्पाद विभाग की टीम ने बरलंगा और गोला थाना क्षेत्रों में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई की। डीमरा, कदलाटांड़, नावाडीह और कोचलटांड़ सहित कई इलाकों में व्यापक छापामारी की गई। टीम ने छापेमारी के दौरान कई अवैध शराब की भट्ठियों को नष्ट किया और करीब 400 किलोग्राम जावा महुआ तथा 80 लीटर महुआ शराब बरामद की।
इस अभियान में डीमरा निवासी तिजु साव, कदलाटांड़ निवासी कंदरु रजवार, नावाडीह निवासी पूरण रजवार, राजेंद्र साव, चमन साव तथा कोचलटांड़ निवासी धनेश्वर महतो और राजेश महतो के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत फरार अभियोग दर्ज किया गया है।
पूरी कार्रवाई अवर निरीक्षक उत्पाद कांग्रेश कुमार के नेतृत्व में प्रतिनियुक्त गृहरक्षक जवानों की सहायता से की गई। यह अभियान जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के विरुद्ध उत्पाद विभाग की सख्त पहल का हिस्सा है।