झारखंड विधानसभा ने मनाया 25वां स्थापना दिवस

Spread the love

रांची, झारखंड: झारखंड विधानसभा ने शनिवार को अपने 25वें स्थापना दिवस का स्मरण विशेष उत्साह और गरिमा के साथ किया। इस अवसर पर विधान सभा परिसर में रजत जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें राज्य के शीर्ष पदाधिकारी, मंत्री, विधायक और आमंत्रित अतिथि बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, वरिष्ठ विधायक सरयू राय समेत कई विधायी सदस्य उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो ने स्वागत संबोधन देते हुए सदन की 25 साल की लोकतांत्रिक यात्रा और उपलब्धियों का उल्लेख किया।

इस अवसर पर धनबाद विधायक राज सिन्हा को वर्ष 2025 का उत्कृष्ट विधायक सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से दिया गया।

विधानसभा में उत्कृष्ट सेवा देने वाले कर्मियों— संतोष कुमार, नीलम कुजूर, राकेश कुमार सिंह, मन्नू राम, रबीन्द्र पाल और मो. शाहिद हैदर —को भी सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान दो महत्वपूर्ण पुस्तकों का लोकार्पण किया गया—

षष्ठम विधानसभा के सदस्यों के जीवन परिचय पर आधारित पुस्तक

झारखंड विधानसभा की 25 वर्षों की संसदीय यात्रा पर केंद्रित ‘सदन संवाद’

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और विधायक राज सिन्हा ने भी कार्यक्रम में अपने विचार रखे। रजत जयंती समारोह ने झारखंड विधानसभा की लोकतांत्रिक परंपरा, विधान कार्यों और 25 वर्षों की उपलब्धियों को पुनः स्मरण करने का अवसर प्रदान किया।