कुम्हरदगा पंचायत में युवा सशक्तिकरण हेतु युवा नवाचार फंड का कार्यक्रम सम्पन्न

Spread the love

गोला, झारखंड : कुम्हरदगा पंचायत के कुम्हरदगा गाँव में सोमवार 24 नवंबर 2025 को युवा नवाचार फंड  द्वारा युवाओं को सशक्त बनाने हेतु जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य था—गाँव के युवाओं को विकास योजनाओं, पंचायत स्तर पर होने वाली प्रक्रियाओं तथा उपलब्ध सरकारी सेवाओं के बारे में स्पष्ट और विस्तृत जानकारी प्रदान करना।

कार्यक्रम में कुम्हारदगा पंचायत की मुखिया सुनीता देवी और  सचिन कुमार ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उनके साथ कई सम्मानित ग्रामीण, युवजन और महिला समूह की सदस्याएँ भी शामिल हुईं। सत्र के दौरान युवाओं को ग्राम प्राथमिकता सूची (वीपीआरपी) और ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) की अवधारणाओं, उनके उद्देश्य, महत्व और ग्राम स्तर पर इनके उपयोग के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। प्रतिभागियों को यह समझाया गया कि ये योजनाएँ गाँव के समग्र विकास, आजीविका को मजबूत करने, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और समुदाय की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

साथ ही युवाओं को वॉउ युथ हब की डिजिटल शिक्षा, करियर मार्गदर्शन, ऑनलाइन सुविधाएँ, कौशल विकास सहायता और अन्य सामुदायिक सेवाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने कहा कि ऐसी पहल उन्हें आत्मनिर्भर एवं सक्षम बनाने की दिशा में नई ऊर्जा प्रदान करती हैं।