यादवों पर निगेटिव गाना गाने वाले 32 भोजपुरी गायकों को राजद का नोटिस

Spread the love

पटना ( बिहार ) : राजद ने चुनाव के दौरान यादव समाज और पार्टी नेतृत्व को निशाना बनाने वाले निगेटिव भोजपुरी गीत गाने पर 32 गायकों को नोटिस भेजा है। उनसे जवाब पूछा गया है कि क्यों नहीं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

बिहार चुनाव के दौरान लालू यादव और तेजस्वी यादव को लेकर निगेटिव व हिंसात्मक गीत गाने वाले 32 भोजपुरी गायकों को राजद  की ओर से नोटिस भेजा गया है। पार्टी ने पूछा है कि चुनाव के समय जानबूझकर ऐसे गाने क्यों लॉन्च किए गए, जिनसे यादव समाज और राजद की छवि को नुकसान पहुँचा।

राजद के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि कई गीत बिना अनुमति पार्टी नेताओं का नाम लेकर बनाए गए, जिनमें हिंसा भड़काने वाले बोल जैसे “6 ठो गोली मारब कपारे में”, “सिक्सर के 6 गोली”
जैसी लाइनों का इस्तेमाल हुआ, जिसे ‘अराजकता’ से जोड़कर देखा जा रहा है। कई गायक ऐसे हैं जिनका भाजपा से सीधा संबंध होने का आरोप राजद ने लगाया है।

पार्टी ने कहा कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो वह इन गायकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।

चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैमूर की रैली में ऐसे गानों का जिक्र किया था और कहा था कि इन गीतों में ‘रंगदारी’ और ‘जंगलराज’ की मानसिकता झलकती है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता को ऐसे इशारों से सतर्क रहने की जरूरत है।

भोजपुरी गीतों में पार्टी नेताओं के नाम का बिना अनुमति उपयोग और हिंसात्मक लाइनों के प्रसार को लेकर चुनाव के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर भी इन गानों की काफी चर्चा हुई थी।