चितरपुर (रामगढ़), झारखंड : रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर बाजार स्थित एनएच-23 पर शनिवार, 29 नवंबर 2025 की सुबह लगभग 5 बजे एक टैंकर और हाइवा की टक्कर हो गई। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी लिमिटेड का टैंकर बोकारो के बालीडीह डिपो से पेट्रोल लेकर लातेहार की ओर जा रहा था, तभी चितरपुर में एक हाइवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क जाम की स्थिति पैदा हो गई। टैंकर में पेट्रोल लदा होने के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका थी, लेकिन सौभाग्य से कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई। टैंकर चालक घायल हो गया, जिसे पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
टैंकर से पेट्रोल रिसने लगा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने जान की परवाह किए बिना विभिन्न बरतनों और गैलन में पेट्रोल भरकर ले जाना शुरू कर दिया। पुलिस ने बाद में क्रेन की मदद से टैंकर और हाइवा को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।