रांची, झारखंड : भारत–दक्षिण अफ्रीका मुकाबले को ध्यान में रखते हुए जेएससीए स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है। रांची पुलिस ने पूरे क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी है। स्टेडियम में बिना जांच किसी भी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है।
सुरक्षा ड्यूटी में 6 आईपीएस अधिकारी, 15 डीएसपी और 30 से अधिक थाना प्रभारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त झारखंड ATS और केंद्रीय सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है, ताकि भीड़ और यातायात नियंत्रण में किसी तरह की चूक न हो।
शनिवार देर शाम स्टेडियम परिसर में आईजी मनोज कौशिक और एसएसपी राकेश रंजन ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर सुरक्षा से जुड़े अहम निर्देश दिए। उन्हें संवेदनशील बिंदुओं पर पैनी नजर रखने, भीड़-नियंत्रण को व्यवस्थित रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारीयों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।