कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत करमा दक्षिणी पंचायत के अंसारी मोहल्ले में लगातार गंदा पानी बहाए जाने से परेशान ग्रामीणों का धैर्य टूट गया। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण—महिला और पुरुष—बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए और घंटों तक प्रदर्शन करते रहे।
ग्रामीणों ने मांडू प्रखंड के बीडीओ और सीओ को आवेदन देकर अपनी समस्या से अवगत कराया तथा मोहल्ले में गंदे पानी के बहाव को तत्काल रोकने की मांग की। उनका कहना था कि अंसारी मोहल्ले में लंबे समय से बह रहे गंदे पानी के कारण आवागमन बाधित है और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ रहा है। समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड प्रशासन ने पंचायत सचिव नीलकमल द्विवेदी को तुरंत स्थल पर भेजा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आगामी 1 दिसंबर को अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन की मापी करायी जाएगी और समस्या का समाधान किया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल थे।