रामगढ़ में भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 51 जोड़ों ने लिए सात फेरे

Spread the love

नवविवाहित जोड़े अतिथियों के साथ

रामगढ़, झारखंड :  श्री गुरू नानक स्कूल स्थित ऑडिटोरियम में रविवार को भारत विकास परिषद के सानिध्य में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित हुआ, जिसमें 51 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न किया।

समारोह का उद्घाटन सांसद मनीष जायसवाल ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में उद्योगपति एवं समाजसेवी हरि कृष्ण बुधिया, विशिष्ट अतिथि विधायक रौशनलाल चौधरी तथा भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय महासचिव राज दुर्गा दत्त शर्मा उपस्थित थे।

उद्घाटन से पूर्व सभी 51 जोड़ों की बारात सुसज्जित वाहनों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। गाजे-बाजे संग निकली बारात गुरू नानक स्कूल पहुंचकर सम्पन्न हुई, जिसके बाद सामूहिक विवाह कार्यक्रम प्रारंभ हुआ।

सांसद मनीष जायसवाल ने इस आयोजन को प्रशंसनीय बताते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों को निरंतर सहयोग देते रहेंगे। मुख्य अतिथि हरि कृष्ण बुधिया ने सभी नवविवाहित जोड़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशिष्ट अतिथि विधायक रौशनलाल चौधरी और राज दुर्गा दत्त शर्मा ने भी इस सामाजिक पहल की सराहना की।

ऑडिटोरियम में सभी जोड़ों के लिए अलग-अलग विवाह मंडप बनाए गए थे, जहां पुरोहितों ने वैदिक विधि से विवाह संपन्न करवाया। विवाह उपरांत सभी 51 कन्याओं को भारत विकास परिषद की ओर से कुर्सी, पलंग, बर्तन, साड़ी आदि आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।

भारत विकास परिषद ने घोषणा की कि भविष्य में भी सामूहिक विवाह कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो सके।

कार्यक्रम में संयोजक गोविंद मेवाड़ ने अध्यक्षता की तथा संचालन पूर्व अध्यक्ष अमित साहू ने किया। इसके अलावा सरदार अनमोल सिंह, मनमोहन सिंह लांबा, आनंद सर्राफ, रामप्रवेश गुप्ता, प्रदीप शर्मा, उमेश राजगढ़िया, पूनम सिंह, निलेश गुप्ता, आलोक अग्रवाल, विकास अग्रवाल, हरीश चौधरी, सूरज अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

विवाह के लिए बैठे जोड़े