लोहार टोला स्थित होलिका दहन मैदान की जमीन पर फिर विवाद, दो पक्ष आमने-सामने

Spread the love

 

जमीन घेराबंदी के लिए लाये गये सीमेंट के पिलर

रामगढ़, झारखंड :  रामगढ़ शहर के लोहार टोला स्थित होलिका दहन मैदान सोमवार 08 दिसंबर 2025 को एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया। जमीन पर दावा करते हुए एक पक्ष जेसीबी, सीमेंट पिलर और कंटीले तार के साथ मैदान की घेराबंदी करने पहुंचा। लेकिन इसी दौरान दूसरा पक्ष वहां पहुंच गया और जमीन को अपना बताते हुए घेराबंदी का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही रामगढ़ के अंचल अधिकारी भी अपने अमीन के साथ स्थल पर उपस्थित हुए। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से जमीन के कागजात अपने कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा।

बताया जाता है कि यह जमीन वर्षों से विवादित रही है और कई बार अलग-अलग लोग इस पर दावेदारी करते रहे हैं। कई लोगों के दावों के बावजूद जमीन अब तक खाली पड़ी है। पहले भी कई बार घेराबंदी की कोशिशें की गईं, लेकिन कई दावेदारों के सामने आ जाने व उनके  विरोध के कारण काम रुकता रहा।

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि सोमवार को घेराबंदी करने पहुंचे लोग चतरा के बताए जा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर बाजार टांड़ और आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने अपने पूर्वजों के नाम पर खतियान होने की दलील दी और घेराबंदी का विरोध किया।

इस बार एक स्थानीय पक्ष जो हमेशा इस जमीन पर मजबूती से दावा करता आया है, उसका चुप रहना लोगों के लिए आश्चर्य का विषय बना हुआ है। आम चर्चा है कि हालात देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इस बार जमीन की घेराबंदी संभव है।