रांची, झारखंड : राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान के तहत झारखंड भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर गणेश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गणेश सिंह पहले झारखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता के कार्यकाल में एनजीओ प्रभारी भी रह चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, एसीबी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) ने उनके विरुद्ध निलंबन आदेश जारी किया है। गत दिनों उनका स्थानांतरण हजारीबाग स्थित एसीबी कार्यालय में किया गया था, लेकिन उन्होंने वहां कार्यभार ग्रहण नहीं किया। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए उनके खिलाफ यह सख्त कार्रवाई की गई है।
एसीबी ने इसी वर्ष नवंबर माह में गणेश सिंह के विरुद्ध एक गोपनीय रिपोर्ट दर्ज की थी, जिसमें उन पर लगे भ्रष्टाचार संबंधी आरोपों की पुष्टि हुई थी। इसी आधार पर एसीबी अब इस मामले में प्रारंभिक जांच शुरू करने जा रही है।