बड़का चुंबा की बड़ी उपलब्धि : राजेंद्र और जितेंद्र बैठा दोनों भाई एक साथ एएसओ चयनित

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : मांडू प्रखंड के बड़का चुंबा गांव से दो सगे भाइयों की सफलता की प्रेरक कहानी सामने आई है। राजेंद्र बैठा और उनके छोटे भाई जितेंद्र बैठा ने कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास के बल पर एक साथ सहायक प्रशाखा पदाधिकारी (एएसओ) पद पर चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि से पूरे गांव में उत्साह और खुशी का माहौल है। ग्रामीण, बुद्धिजीवी और जनप्रतिनिधि दोनों भाइयों को बधाई देने उनके घर पहुंच रहे हैं।

राजेंद्र बैठा वर्तमान में चितरपुर में पंचायत सचिव के रूप में कार्यरत हैं। सरल स्वभाव और ईमानदार कार्यशैली के कारण वे स्थानीय लोगों में खास पहचान रखते हैं। सरकारी सेवाओं को सुचारू रूप से लोगों तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वहीं जितेंद्र बैठा टोरी–चंदवा में रेलवे ट्रैक मेंटेनर के पद पर कार्य कर रहे हैं। दोनों भाइयों ने सीमित संसाधनों के बावजूद अनुशासित अध्ययन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की है।

परिवार के अनुसार बचपन से ही दोनों भाइयों में पढ़ाई के प्रति गहरी लगन थी। पिता महावीर बैठा का निधन हो चुका है, जबकि उनकी माता चंद्री देवी गृहिणी हैं। परिवार ने हर परिस्थिति में हौसला बढ़ाया और अध्ययन का माहौल उपलब्ध कराया। भाइयों की इस उपलब्धि से परिजन बेहद खुश हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि राजेंद्र और जितेंद्र की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता की राह खोल देता है। उनकी कामयाबी पर चितरपुर बीडीओ दीपक मिंज, पंचायत सचिव शत्रुंजय कुमार, विनोद करमाली, युगेश कुमार, जिम्मी माल्टो, नागेश्वर महतो, रवि कुमार, आशीष अनमोल एक्का, अजय मरांडी, कन्हैया जी, मंजीत कुमार, अमिताभ गौरव, राजू ठाकुर, विजय कुमार सहित कई लोगों ने शुभकामनाएं दी हैं।