दिल्ली में एसीबी की तड़के छापेमारी: भूमि घोटाले में वांछित स्निग्धा सिंह फरार, बेटा हिरासत में

Spread the love

रांची, झारखंड : भूमि घोटाले के मुख्य आरोपी और ऑटोमोबाइल कंपनी नेक्सजेन के मालिक विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह की तलाश में झारखंड एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दिल्ली के वसंत विहार स्थित एक सरकारी आवास पर तड़के सुबह 4 बजे छापेमारी की।

सूत्रों के अनुसार, एसीबी की तकनीकी टीम कई दिनों से स्निग्धा सिंह की डिजिटल गतिविधियों और लोकेशन पर नजर रख रही थी। इसी ट्रैकिंग के आधार पर उनका ठिकाना दिल्ली में भारत सरकार के संयुक्त सचिव स्तर के एक अधिकारी के घर में मिलने की जानकारी मिली।

हालांकि छापेमारी से कुछ देर पहले ही स्निग्धा सिंह वहां से निकल गईं और एसीबी के हाथ नहीं लग सकीं। टीम ने मौके से उनके बेटे सनत कुमार सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। एसीबी ने स्पष्ट किया कि उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है, केवल पूछताछ की जा रही है।

पूछताछ में सनत सिंह ने विनय सिंह, विनय चौबे और अपनी मां की चल-अचल संपत्तियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की हैं। छापेमारी के दौरान कई डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए, जिनकी जांच जारी है।

टीम को जानकारी मिली है कि दिल्ली के वसंत विहार स्थित C-24 संपत्ति को बेनामी निवेश और अवैध रूप से अर्जित पूंजी को छिपाने के लिए खरीदा गया था।
अधिकारियों का मानना है कि जब्त किए गए डिजिटल डिवाइस भूमि घोटाले और संभावित मनी लांड्रिंग गतिविधियों की गहराई तक की जानकारी उजागर कर सकते हैं। साथ ही शराब घोटाले से जुड़े कथित निवेशों का भी खुलासा होने की संभावना है।